https://youtube.com/shorts/4yfef9KC8wc?feature=share
ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, फूड पॉइजनिंग की आशंका
- रात में नूडल्स खाकर सोया था परिवार, सुबह घर में मिले पांचों के शव
- देर सुबह तक बाहर नहीं निकला परिवार, अंदर का नजारा देख उड़े लोगों के होश
- पति-पत्नी और तीन मासूम बच्चों की मौत से गांव में मचा हड़कंप
रिपोर्ट : संतेश्वर वर्मा
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला पदम गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, महेश (37), उनकी पत्नी ललतेश (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात ने रात करीब 10 बजे नूडल्स खाए थे। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए।
देर सुबह तक परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद कुछ लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा, जहां परिवार के पांचों सदस्य बिस्तर पर मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
घर के बाहर जुटी लोगों की भीड़
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घटना से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस के मुताबिक, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पांचों शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा हो सकता है। आसपास के लोगों और मृतक महेश की मां के अनुसार, परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। हालांकि, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर मौत की वजह का पता लगाया जाएगा। मामले में जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





