अनंतपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 21 वर्षीय युवक कथित तौर पर चेनसॉ लेकर क्लासरूम में घुस गया और छात्राओं पर हमला कर दिया। इस हमले में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
यह वारदात राप्ताडु मंडल स्थित जिला परिषद हाईस्कूल में हुई। घटना के समय कक्षा में पढ़ाई चल रही थी और शिक्षक भी मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी हाथ में लकड़ी काटने वाली मशीन यानी चेनसॉ लेकर क्लासरूम में पहुंचा और छात्राओं पर हमला कर दिया।
क्लासरूम में घुसकर छात्राओं पर किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने दसवीं कक्षा की एक छात्रा को निशाना बनाया। हमले में उसके चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। दूसरी छात्रा ने अपनी सहपाठी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी हमले में घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्कूल के शिक्षकों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल एक छात्रा की जान नहीं बचाई जा सकी। दूसरी घायल छात्रा का इलाज जारी है।
21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी की पहचान 21 वर्षीय हेमंत उर्फ डुम्मू के रूप में की है। वह धर्मावरम इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चेनसॉ लेकर स्कूल के अंदर कैसे पहुंचा और उसने छात्राओं पर हमला क्यों किया। शुरुआती जानकारी में आरोपी और घायल छात्रा के बीच रिश्तेदारी होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर दुख और नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और घायल छात्रा को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना पर चिंता जताई है।
स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े स्कूल के क्लासरूम में इस तरह के हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि चेनसॉ जैसी खतरनाक मशीन लेकर एक बाहरी व्यक्ति स्कूल परिसर में दाखिल होकर कक्षा तक कैसे पहुंच गया।
इस घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोग स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।





