अनिल पंडित का नया ऑडियो : ‘सलमान माफी मांगें, वरना…’ टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के बीच अनिल पंडित का नया ऑडियो वायरल
बॉलीवुड में एक बार फिर गैंगस्टर की धमकी से हड़कंप मचा है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले के बीच अब गैंगस्टर अनिल पंडित से जुड़ा कथित एक नया ऑडियो सामने आया है। इस ऑडियो में सलमान खान को सीधे तौर पर धमकी दिए जाने और लॉरेंस बिश्नोई से माफी मांगने की मांग किए जाने का दावा है। इतना ही नहीं, ऑडियो में 70 हजार शूटर होने की बात कहकर भी दहशत फैलाने की कोशिश की गई है।
दरअसल, मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और कथित ऑडियो के जरिए अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कनेक्शन भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। अब सामने आए नए कथित ऑडियो में सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने के लिए कहा गया है। ऑडियो में वक्ता कथित तौर पर सलमान खान के परिवार और उनके करीबियों को भी धमकी देता सुनाई देता है। इसके अलावा, वह दावा करता है कि उसके पास 70 हजार शूटर हैं और अगर उसके लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई, तो बड़ी संख्या में दूसरे लोग तैयार हैं। इस ऑडियो में बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का जिक्र करते हुए फिल्म इंडस्ट्री पर आरोप भी लगाए गए हैं। ऑडियो में यह भी दावा किया गया है कि चाणक्य की वजह से किसी दूसरे राज्य की एजेंसी लॉरेंस बिश्नोई या उसके भाई को पूछताछ के लिए नहीं ले जा सकती।
हालांकि, ये वक्ता के दावे हैं, प्रमाणित तथ्य नहीं। ऑडियो की प्रामाणिकता और इसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तीन आरोपियों की कोटा से गिरफ्तारी भी हो चुकी है । पुलिस इस हमले के पीछे की साजिश, आरोपियों के कथित गैंग कनेक्शन और वायरल ऑडियो की जांच कर रही है।





