मुंबई में प्रेमी, बहराइच में किशोरी; टावर पर चढ़कर शादी की मांग, ऑनलाइन निकाह के बाद उतरी नीचे
रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में प्रेमी से शादी करने की जिद में एक 17 वर्षीय किशोरी करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी की मांग पूरी होने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। आखिरकार पुलिस की मध्यस्थता के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद मुंबई में मौजूद प्रेमी के साथ ऑनलाइन निकाह की रस्म अदा कराई गई। निकाह के बाद किशोरी टावर से नीचे उतर आई। 
प्रेमी से शादी के लिए टावर पर चढ़ी किशोरी
मामला बहराइच के मोतीपुर क्षेत्र के चौधरी गांव का है। यहां एक मोबाइल कंपनी का टावर लगा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी विश्राम गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे टावर पर चढ़ गई। किशोरी को इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किशोरी के परिजनों से संपर्क किया, तो पता चला कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है, लेकिन परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर किशोरी ने टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया।
मुंबई में रहता है प्रेमी, दोनों परिवारों को रिश्ते पर थी आपत्ति
बताया जा रहा है कि किशोरी और उसका प्रेमी एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों के रिश्ते को लेकर परिवारों को आपत्ति थी। वहीं, प्रेमी काम के सिलसिले में मुंबई में रहता है। परिजनों की असहमति के चलते किशोरी शादी की मांग पर अड़ी रही और टावर से नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
पुलिस की मध्यस्थता के बाद ऑनलाइन निकाह 
किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही दोनों परिवारों से बातचीत कर शादी के मुद्दे पर सहमति बनाने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद परिवार शादी के लिए राजी हो गए।
इसके बाद टावर के नीचे काजी को बुलाया गया और मुंबई में मौजूद प्रेमी के साथ ऑनलाइन निकाह की व्यवस्था की गई। काजी की मौजूदगी में निकाह की रस्म पूरी कराई गई। इसके बाद किशोरी टावर से नीचे उतर आई।
हालांकि, किशोरी की उम्र 17 वर्ष बताई गई है। ऐसे में बाल विवाह निषेध कानून और विवाह की कानूनी वैधता से जुड़े पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण है। ऑनलाइन निकाह की रस्म पूरी होने मात्र से विवाह की कानूनी वैधता स्वतः स्थापित नहीं होती।





