लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा सख्त, कनॉट प्लेस-जंतर-मंतर पर अर्धसैनिक बल तैनात

CJP Protest : अभिजीत दीपके के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन के आह्वान के बाद पुलिस अलर्ट; सेंट्रल पार्क 15 और 16 अक्टूबर को बंद, BNSS की धारा 163 लागू होने की जानकारी

रिपोर्ट : संतेश्वर वर्मा

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं। प्रशासन का जोर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने पर है।

प्रदर्शन को देखते हुए आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा बलों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ नाम से प्रदर्शन करने का आह्वान किया है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। डीसीपी नेहा यादव ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक तथा निजी संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।

पुलिस के मुताबिक, संबंधित इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। लोगों को प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

अभिजीत दीपके ने जताई गिरफ्तारी की आशंका

प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने भी देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस और खुफिया ब्यूरो (IB) के अधिकारी उन पर नजर रख रहे हैं और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।दीपके ने आरोप लगाया कि सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने के कार्यक्रम की घोषणा के बाद पार्क को बंद कर दिया गया। उन्होंने सरकार पर प्रदर्शन को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।CJP संस्थापक ने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए जेल जाना पड़े, तब भी वह पीछे नहीं हटेंगे। उनके इस बयान के बाद प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

16 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क

कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को लेकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने भी नोटिस जारी किया है। 15 अक्टूबर को जारी नोटिस के अनुसार, पार्क को 15 और 16 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। NDMC ने इसके पीछे प्रशासनिक कारण बताए हैं। साथ ही, पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्क बंद रखने के फैसले को CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।

11 लोगों को तिरंगा फहराने की अनुमति देने पर चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस 11 लोगों के एक समूह को किसी उपयुक्त स्थान पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने के विकल्प पर विचार कर रही है। बताया जा रहा है कि यह व्यवस्था निर्धारित नियमों और सुरक्षा संबंधी शर्तों के तहत हो सकती है।हालांकि, इस संबंध में अनुमति दिए जाने की आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है। फिलहाल कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सतर्क है। अब सभी की नजर आज शाम को होने वाले कार्यक्रम और पुलिस-प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें