लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिल्ली-NCR में जहरीली हवा का कहर: AQI 493 तक पहुंचा, IIT दिल्ली में भी सांस लेना मुश्किल

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

दिल्ली/नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक रूप धारण कर लिया है। शुक्रवार सुबह राजधानी दिल्ली और नोएडा की हवा दमघोंटू हो गई। कई इलाकों में स्मॉग की घनी चादर छाई रही, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 403 दर्ज किया गया। वहीं, नोएडा के कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर पहुंच गया। सेक्टर-62 में यह आंकड़ा 493 तक दर्ज किया गया, जो बेहद गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

दिल्ली के 33 इलाकों में AQI गंभीर श्रेणी में

राजधानी दिल्ली के 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 33 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। सबसे खराब स्थिति IIT दिल्ली के आसपास रही, जहां AQI 488 तक पहुंच गया। इसके अलावा चांदनी चौक में 479, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478 और ITO में 455 AQI दर्ज किया गया। प्रदूषण के इस स्तर ने राजधानी के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

नोएडा में भी हालात चिंताजनक

दिल्ली के साथ नोएडा में भी प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। सेक्टर-62 में AQI 493 दर्ज किया गया। शहर के कई अन्य इलाकों में भी वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी के आसपास बनी हुई है। सुबह और शाम के समय स्मॉग की मोटी परत के कारण दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।

गिरते तापमान के साथ बढ़ा प्रदूषण का असर

मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, नोएडा में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ प्रदूषक तत्वों के वातावरण में जमा होने की आशंका भी बढ़ रही है।

हवा की रफ्तार कम होने से बढ़ी परेशानी

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा की धीमी रफ्तार, तापमान में गिरावट और वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण प्रदूषक कण वातावरण की निचली सतह पर जमा हो रहे हैं। इससे प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि गंभीर श्रेणी की हवा स्वस्थ लोगों के लिए भी नुकसानदायक हो सकती है। इसका सीधा असर फेफड़ों और हृदय पर पड़ सकता है। वहीं, बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए खतरा और अधिक है।

ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, बाहर व्यायाम न करने और जरूरत पड़ने पर अच्छी गुणवत्ता वाले मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें