लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिल्ली पुलिस के जवानों ने अपने ही मुख्यालय का किया घेराव, ACP के तबादले पर भड़के पुलिसकर्मी

रिपोर्ट: संतेश्वर वर्मा

दिल्ली में सोमवार सुबह पुलिस महकमे के भीतर ही विरोध के स्वर बुलंद हो गए। पूर्वी दिल्ली में तैनात एक एसीपी और एक इंस्पेक्टर के तबादले से नाराज करीब 80 पुलिसकर्मियों ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों ने मुख्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। हालात ऐसे बने कि वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश करनी पड़ी।

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस विभाग के भीतर चल रहे असंतोष को सार्वजनिक कर दिया। प्रदर्शन के दौरान डीसीपी (नई दिल्ली) सचिन शर्मा भी पुलिसकर्मियों को समझाते नजर आए।

डीसीपी की अपील भी नहीं आई काम, मुख्यालय के अंदर जाने से किया इनकार

 

प्रदर्शन को शांत कराने के लिए कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी सचिन शर्मा ने पुलिसकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्हें अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारियों जैसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी से पुलिस मुख्यालय के भीतर चलकर अपनी बात रखने का आग्रह किया।

हालांकि, प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों ने उनकी अपील स्वीकार नहीं की और मुख्यालय के बाहर ही डटे रहे।

‘हम खुद अन्याय सहेंगे तो किसको न्याय देंगे?’ ACP मनस्वी वशिष्ठ का सवाल

इस पूरे विरोध प्रदर्शन के केंद्र में एसीपी मनस्वी वशिष्ठ भी नजर आए। तबादले के बाद उन्होंने शनिवार को एक वीडियो जारी कर पुलिसकर्मियों से सोमवार सुबह आठ बजे दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सभी पुलिसकर्मी पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के सामने अपना पक्ष रखें।

सोमवार को मुख्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मनस्वी वशिष्ठ ने कहा, ‘अगर हम खुद अन्याय सहते रहेंगे तो दूसरों को न्याय कैसे दिला पाएंगे?’ उनके इस बयान के बाद पुलिस विभाग के भीतर तबादले को लेकर असंतोष का मुद्दा और चर्चा में आ गया।

शाहदरा थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई थी झड़प

दरअसल, इस विवाद की शुरुआत 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई एक हिंसक झड़प से हुई थी। यहां पुलिसकर्मियों और स्थानीय वकीलों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक वकील गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के विरोध में जिला अदालत के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। इसके बाद पुलिस विभाग ने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और एसएचओ अरुण कुमार का तबादला कर दिया। इसी फैसले को लेकर पुलिसकर्मियों में नाराजगी सामने आई और सोमवार को यह विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।

दिल्ली पुलिस के प्रदर्शन पर नेहा बोरा का तंज

दिल्ली पुलिस के इस घटनाक्रम पर नेहा बोरा ने भी चुटकी ली। हाल के दिनों में कई बार हिरासत में ली गईं नेहा बोरा ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस मुख्यालय नई दिल्ली के उस इलाके में आता है, जहां बीएनएस की धारा 163 लागू है।

उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या दिल्ली पुलिस अब दिल्ली पुलिस से नाराज दिल्ली पुलिस के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करेगी? उन्होंने आगे कहा कि व्यवस्था में आ रही गिरावट के लक्षण अब हर जगह दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें