Report : International Desk
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान कॉकपिट के अंदर हुई कथित हिंसक घटना ने विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉर्डन के हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे विमान में दोनों पायलटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया और विमान को इमरजेंसी स्थिति में डायवर्ट करना पड़ा।
इस घटना से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद इजरायली अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उड़ान के दौरान आखिर कॉकपिट में क्या हुआ था।
भारतीय पायलट ने संभाला मोर्चा
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विमान के ओमानी मूल के को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन पर हमला किया और इसके बाद विमान के नियंत्रण को अपने हाथ में लेने की कोशिश की। इसी दौरान भारतीय मूल के पायलट ने हस्तक्षेप किया और विमान का नियंत्रण बनाए रखने में सफल रहे।
बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ने के बाद फ्लाइट को उसके निर्धारित गंतव्य तेल अवीव की बजाय सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
घायल पायलट की पहचान स्मित मच्छर के तौर पर
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में घायल हुए भारतीय मूल के पायलट की पहचान स्मित मच्छर के रूप में हुई है। बताया गया है कि उन्होंने वर्ष 2022 में फ्लाईदुबई के साथ काम शुरू किया था। इससे पहले वह करीब दस वर्षों तक स्पाइसजेट में पायलट के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, स्मित मच्छर अपने परिवार के साथ दुबई में रहते हैं।
करीब 180 लोग थे विमान में सवार
फ्लाईदुबई के इस विमान में करीब 180 लोग सवार बताए जा रहे हैं। उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुई घटना के बाद विमान से एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इमरजेंसी संदेश भेजा गया।
इजरायली अधिकारियों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी संदेश का संबंध दोनों पायलटों के बीच हुई कथित झड़प से था।
चाकू से हमले का भी दावा
रॉयटर्स सहित सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि केबिन क्रू के कॉकपिट में पहुंचने से पहले को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद विमान के नियंत्रण को लेकर भी संघर्ष हुआ।
रिपोर्ट्स में यह भी आरोप लगाया गया है कि संदिग्ध को-पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश के तहत उसके नियंत्रण पर कब्जा करने का प्रयास किया। हालांकि, भारतीय पायलट के हस्तक्षेप के बाद यह प्रयास सफल नहीं हो सका।
इजरायली अधिकारी कर रहे हैं जांच
घटना के बाद इजरायली अधिकारी फ्लाइट FZ1073 से जुड़े तथ्यों, सबूतों और परिस्थितियों की जांच में जुटे हैं। जांच का एक अहम पहलू यह भी बताया जा रहा है कि ओमान मूल के को-पायलट को इजरायल जाने वाली इस उड़ान के संचालन के लिए किस प्रक्रिया के तहत नियुक्त किया गया था।
फिलहाल कॉकपिट में हुई पूरी घटना की परिस्थितियों और दोनों पायलटों के बीच विवाद की वास्तविक वजह को लेकर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं पर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।





