ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, दोनों बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे, तभी सीढ़ी से पैर फिसलने के कारण नीचे गिर गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रिपोर्ट- प्रीती पांडेय
ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों सोसाइटी के टावर-23 की बालकनी से नीचे गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान रणदीप पात्रा (40) और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों महागुन मायवुड्स सोसाइटी, गौर सिटी-2 में रहते थे।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने बताया कि परिवार को सुबह खाटू श्याम मंदिर जाने के लिए जल्दी निकलना था। इसी दौरान रणदीप अपने बेटे के साथ बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे। बताया गया है कि फूल तोड़ते समय सीढ़ी से पैर फिसलने के कारण दोनों बालकनी से नीचे गिर गए।
घटना की सूचना पीआरवी के माध्यम से थाना बिसरख पुलिस को मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।





