ग्रेटर नोएडा में परिवार के लोगों की मौत का मामला: तीन गिरफ्तार, आत्महत्या के एंगल से भी जांच
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र स्थित नगला श्री पदम गांव में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक महेश की दो बहनें और एक जीजा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, महेश (37) ने मौत से पहले एक वॉयस नोट रिकॉर्ड किया था, जिसमें कथित तौर पर तीनों आरोपियों को मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद की आशंका सामने आई है।
महेश, उनकी पत्नी ललिता (35) और तीन बच्चों के शव शनिवार सुबह उनके घर से बरामद हुए थे। शुरुआती दौर में परिवार के नूडल्स खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम में जहर दिए जाने के संकेत मिलने के बाद विसरा के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। मामले में आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।





