रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
कॉवलून। हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। शुक्रवार को खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 88 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 3.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 91 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह पाकिस्तान ने 13 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान की जीत में अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफे की विस्फोटक पारियों का अहम योगदान रहा। अब्बास ने 8 गेंदों में 35 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, नफे ने 12 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली।
शशांक सिंह ने खेली तूफानी पारी, भारत ने बनाए 88 रन
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शशांक सिंह ने मोर्चा संभालते हुए तेजी से रन बटोरे। उन्होंने महज 11 गेंदों पर 40 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और दो चौके शामिल रहे।
दूसरी ओर नीतीश राणा ने19 रन बनाए, लेकिन तेजी से रन बनाने की रणनीति के तहत उन्हें रिटायर्ड आउट कर वापस बुला लिया गया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। राहुल तेवतिया और कप्तान क्रुणाल पंड्या लगातार दो गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। आखिरी में टी. नटराजन ने नाबाद 12 रन बनाकर टीम का स्कोर 6 ओवर में 5 विकेट पर 88 रन तक पहुंचाया।
आसिफ अली और अब्बास अफरीदी की आक्रामक बल्लेबाजी
89 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की। ख्वाजा नफे और अब्बास अफरीदी ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए पहले विकेट के लिए महज 2.1 ओवर में 59 रन जोड़ दिए।
अब्बास अफरीदी ने सिर्फ 8 गेंदों पर 35 रन बनाए। उनकी पारी ने पाकिस्तान की जीत की राह आसान कर दी। हालांकि, वह शशांक सिंह की गेंद पर आउट हो गए।
इस दौरान पाकिस्तानी कप्तान आसिफ अली ने भारतीय कप्तान क्रुणाल पंड्या के एक ओवर में पांच छक्के जड़ दिए। इस ओवर में कुल 31 रन बने, जिससे पाकिस्तान की टीम लक्ष्य के और करीब पहुंच गई।
ख्वाजा नफे ने 12 गेंदों में बनाए 41 रन
ख्वाजा नफे ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने महज 12 गेंदों पर 41 रन बनाए, जिसमें दो चौके और पांच छक्के शामिल थे। उनकी पारी का अंत राहुल तेवतिया ने किया।
इसके बाद अब्दुल समद ने तीन गेंदों पर नाबाद 7 रन और इरफान खान ने एक गेंद पर नाबाद 6 रन बनाकर पाकिस्तान को जीत दिला दी। पाकिस्तान ने 3.5 ओवर में ही 91 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
क्रुणाल पंड्या के ओवर में बने 31 रन
भारतीय गेंदबाज इस मुकाबले में पाकिस्तानी बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं रहे। क्रुणाल पंड्या के एक ओवर में 31 रन बने, जबकि टी. नटराजन ने अपने एक ओवर में 28 रन खर्च किए। शशांक सिंह ने 14 रन देकर एक विकेट हासिल किया। राहुल तेवतिया को भी एक सफलता मिली।
इस तरह भारतीय टीम को मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। शशांक सिंह की तेजतर्रार पारी के बावजूद भारतीय टीम का 88 रनों का स्कोर पाकिस्तान को रोकने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुआ।





