लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

SIR और कथित वोट चोरी के खिलाफ INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, आज जन महाभियोग प्रस्ताव; खरगे करेंगे शुरुआत, राहुल देंगे समापन भाषण

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

नई दिल्ली। चुनावी प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर INDIA गठबंधन आज जन महाभियोग प्रस्ताव पेश करने की तैयारी में है। विपक्ष इस दौरान मॉक पार्लियामेंट का भी आयोजन करेगा। जन महाभियोग से जुड़े इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे।

कार्यक्रम के लिए आज दोपहर से ही विपक्षी दलों के नेताओं का मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचना शुरू होगा। यह आयोजन दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया जाएगा। हालांकि, यह कोई वास्तविक संवैधानिक महाभियोग प्रक्रिया नहीं है, बल्कि विपक्ष की ओर से आयोजित एक प्रतीकात्मक विरोध कार्यक्रम है।

खरगे करेंगे जन महाभियोग प्रस्ताव पेश

कांग्रेस नेता उदित राज ने स्पष्ट किया है कि मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विपक्ष इस कार्यक्रम के जरिए चुनावी प्रक्रिया और SIR को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखने की तैयारी में है।

हर दल से एक नेता को मिलेगा बोलने का मौका

समाजवादी पार्टी के नेता हरेंद्र मलिक ने बताया कि जन महाभियोग की कार्यवाही के दौरान प्रत्येक राजनीतिक दल से केवल एक नेता को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। इसमें संबंधित दल के प्रमुख भी शामिल हो सकते हैं। विपक्षी दलों का उद्देश्य इस मंच पर अपनी बात को अनुशासित और प्रभावी तरीके से रखना है।

लोकतंत्र और आम लोगों की परेशानी का मुद्दा उठाएगा विपक्ष

कांग्रेस के लोकसभा में उपनेता गौरव गोगोई ने बताया कि चर्चा के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दे उठाए जाएंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को हो रही परेशानियों और लोकतंत्र पर कथित हमलों के मुद्दे को जनता के सामने रखना है।

1 नवंबर को रामलीला मैदान में होगी INDIA गठबंधन की मेगा रैली

जन महाभियोग कार्यक्रम के बाद INDIA गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में मेगा रैली करने जा रहा है। इसे लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ. चरण दास महंत ने बताया कि राज्य से बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। कुछ लोग पहले ही रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी लोग जल्द ही निकलेंगे।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी हमेशा बहाने बनाती है और जवाबदेही से बचने के रास्ते तलाशती रहती है। उन्होंने दावा किया कि अब जवाबदेही से बचने का समय समाप्त हो गया है।

‘देश का दुर्भाग्य है कि ऐसा विपक्ष मिला’, भाजपा सांसद ने साधा निशाना

विपक्ष के जन महाभियोग कार्यक्रम पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि ऐसा विपक्ष मिला है, जिसने मानसून सत्र को ठीक से चलने नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में अपनी बात रखने के बजाय मॉक पार्लियामेंट के नाम पर नाटक का मंच तैयार कर रहा है।

संजय जायसवाल ने कहा कि विपक्ष संसद नहीं चलने दे रहा है, जबकि मॉक पार्लियामेंट आयोजित कर रहा है। उनके मुताबिक, भारतीय लोकतंत्र के लिए इससे दुखद कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने विपक्षी दलों को संसद में आकर चर्चा करने की सलाह दी।

बारिश से रामलीला मैदान में भरा पानी

INDIA गठबंधन की 1 नवंबर को होने वाली मेगा रैली से पहले दिल्ली में मौसम ने भी चुनौती खड़ी कर दी है। बृहस्पतिवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी रुक-रुककर जारी रही। इसके चलते रामलीला मैदान में पानी भर गया है। ऐसे में रैली की तैयारियों पर मौसम का असर पड़ने की आशंका है।

14 शर्तों के साथ दिल्ली पुलिस ने दी रैली की अनुमति

INDIA गठबंधन की 1 नवंबर को प्रस्तावित मेगा रैली को दिल्ली पुलिस ने 14 शर्तों के साथ अनुमति दी है। रैली का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। पुलिस ने आयोजकों को सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े कई दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

इन शर्तों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय की सुविधा तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करना शामिल है। आयोजकों को रैली के दौरान इन सभी निर्देशों का पालन करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें