टीम इंडिया की चयन समिति में बड़ा फेरबदल, प्रज्ञान ओझा नए चीफ सिलेक्टर; रमेश पोवार की भी एंट्री
नई दिल्ली। भारत के पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को अजित अगरकर की जगह BCCI की पुरुष चयन समिति का मुख्य चयनकर्ता बनाया गया है। वहीं, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार को शामिल किया गया है। अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह पद खाली हुआ था।
अब पुरुष टीम की नई चयन समिति में प्रज्ञान ओझा (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं।
इन कारणों से चुने गए प्रज्ञान ओझा
दरअसल, अजित अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त होने के बाद प्रज्ञान ओझा को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया था। ऐसे में वह टीम चयन की प्रक्रिया और मौजूदा चयनकर्ताओं के कामकाज से पहले से परिचित थे। ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं। चयन प्रक्रिया में टेस्ट क्रिकेट का अनुभव भी उनके चयन का एक अहम आधार रहा। इसके अलावा, उन्होंने 18 वनडे और 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं।
अंतरराष्ट्रीय करियर में 140 से ज्यादा विकेट
बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने टेस्ट क्रिकेट में 113, वनडे में 21 और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 विकेट हासिल किए। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/47 रहा। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ओझा के नाम 108 मैचों में कुल 424 विकेट दर्ज हैं।
उन्होंने अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच 2018 में बिहार की ओर से उत्तराखंड के खिलाफ खेला था।
आईपीएल में प्रज्ञान ओझा डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं। हालांकि, 2015 के बाद से वह आईपीएल की किसी टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में कुल 92 मैच खेले और 89 विकेट हासिल किए।
BCCI ने की अजित अगरकर के योगदान की तारीफ
BCCI ने अजित अगरकर के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया। जुलाई 2023 में मुख्य चयनकर्ता का पद संभालने वाले अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने तीन ICC ट्रॉफियां जीतीं। इसके अलावा, टीम ने दो बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया और एशियन गेम्स में लगातार दो बार स्वर्ण पदक हासिल किया।
बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि प्रज्ञान ओझा को अध्यक्ष बनाए जाने और रमेश पोवार को शामिल किए जाने के साथ भारतीय पुरुष चयन समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई है।





