सऊदी अरब जाने का प्लान बिगड़ा! एअर इंडिया ने 3 शहरों की उड़ानों पर लगाई रोक, जानें रिफंड का पूरा गणित
नई दिल्ली। सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दम्मम के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है। एयरलाइंस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह व्यवस्था 24 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। प्रभावित यात्रियों को टिकट की तारीख बदलने या रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।
किन यात्रियों को मिलेगी राहत?
एअर इंडिया या एअर इंडिया एक्सप्रेस से 15 अक्टूबर 2026 तक टिकट बुक कराने वाले यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उनकी मूल यात्रा तारीख 9 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच होनी चाहिए।
पात्र यात्री 10 नवंबर 2026 तक अपनी यात्रा की तारीख एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के बदल सकते हैं। हालांकि, नई तारीख पर सीटों की उपलब्धता और संबंधित एयरलाइन की शर्तें लागू होंगी।
दूसरे शहरों से भी यात्रा का विकल्प
जिन यात्रियों के लिए सऊदी अरब के निर्धारित शहरों की उड़ानों पर यात्रा करना संभव नहीं है, उन्हें खाड़ी क्षेत्र के कुछ अन्य शहरों के जरिए यात्रा करने का विकल्प दिया गया है।
एअर इंडिया के यात्री दुबई और दोहा के लिए या वहां से आने-जाने वाली बुकिंग में बदलाव का विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों को अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह और शारजाह के लिए या वहां से यात्रा करने की सुविधा के तहत बुकिंग बदलने का विकल्प दिया गया है।
ध्यान रहे कि वैकल्पिक शहर तक पहुंचने की व्यवस्था यात्रियों को खुद करनी होगी। साथ ही, संबंधित देश में प्रवेश के लिए वीजा और अन्य आवश्यक शर्तों को पूरा करना भी जरूरी होगा।
उड़ान रद्द होने पर कैसे मिलेगा पूरा रिफंड?
अगर यात्री बदली हुई तारीख पर सफर नहीं करना चाहते, तो रद्द की गई उड़ान के पात्र यात्री पूरे रिफंड का विकल्प चुन सकते हैं। टिकट में बदलाव या रिफंड से जुड़ी जानकारी के लिए एयरलाइन के ग्राहक सेवा केंद्र अथवा भारत और खाड़ी क्षेत्र में स्थित बुकिंग कार्यालयों से संपर्क किया जा सकता है।





