सऊदी अरब में मिसाइल-ड्रोन हमलों का खतरा! भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, जानें क्या करें और क्या नहीं
रियाद: सऊदी अरब में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन सलाह जारी की है। दूतावास ने भारतीयों से स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा अलर्ट पर ध्यान देने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों की आशंकाओं के बीच सऊदी अरब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में भारतीय दूतावास ने सऊदी सिविल डिफेंस विभाग के आपातकालीन सुरक्षा दिशानिर्देश भी साझा किए हैं।
अलर्ट मिलने पर सुरक्षित स्थान पर जाएं
सऊदी सिविल डिफेंस की गाइडलाइन के मुताबिक, आपातकालीन चेतावनी मिलने पर लोगों को घबराने के बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए। अलर्ट जारी होने पर जल्द से जल्द किसी नजदीकी सुरक्षित इमारत में पहुंचने की सलाह दी गई है।
लोगों को खतरा समाप्त होने तक इमारत के अंदर रहने और खिड़कियों से दूर किसी सुरक्षित कमरे में शरण लेने को कहा गया है। स्थिति सामान्य होने और आधिकारिक निर्देश मिलने से पहले बाहर निकलने से बचने की सलाह भी दी गई है।
सड़क पर हों तो इन बातों का रखें ध्यान
दिशानिर्देशों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर है, तो उसे नजदीकी सुरक्षित इमारत में जाना चाहिए या किसी मजबूत संरचना की आड़ लेनी चाहिए।
वहीं, वाहन चलाते समय आपातकालीन अलर्ट मिलने पर गाड़ी को सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे रोकने और पुलों तथा ऊंची इमारतों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मिसाइल और ड्रोन से जुड़ी तस्वीरें साझा करने से बचें
सऊदी प्रशासन ने मिसाइल या ड्रोन को रोकने की कार्रवाई तथा उनके गिरने के स्थानों की तस्वीरें या वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर साझा करने को लेकर भी चेतावनी दी है।
गाइडलाइन के मुताबिक, ऐसी संवेदनशील जानकारी को रिकॉर्ड करना, प्रकाशित करना या प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। इसलिए भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें और अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचें।
भारतीय नागरिकों के लिए सलाह: सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों को स्थानीय अधिकारियों के अलर्ट पर नजर रखनी चाहिए और किसी भी आपात स्थिति में आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों को प्राथमिकता देनी चाहिए।





