लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

भारत-बांग्लादेश सीमा पर BSF जवानों पर तस्करों का हमला, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 घायल; 8 आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

अगरतला। त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सिपाहीजला जिले के बॉक्सनगर इलाके में आशाबाड़ी के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर तस्करों के एक समूह ने हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार जवान घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना सोनामुरा उपमंडल के कलामचौरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आशाबाड़ी इलाके की बताई जा रही है। हमले के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

जवानों पर लाठी-डंडों से हमला, हथियार छीनने की कोशिश

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तस्करों का एक समूह BSF जवानों पर लाठी-डंडों से हमला करता दिखाई दे रहा है। हमलावर एक जवान को बुरी तरह पीटते हैं, जिससे वह जमीन पर गिर जाता है।

वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि जमीन पर गिरे जवान से उसका हथियार छीनने की कोशिश की जाती है। हालांकि, सतर्क जवानों ने हमलावरों की इस कोशिश को नाकाम कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने BSF के वाहन में भी तोड़फोड़ की।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने की हमले की कड़ी निंदा

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने BSF जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आशाबाड़ी, बॉक्सनगर में BSF कर्मियों पर हमले के सिलसिले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल सभी लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ हिंसा बर्दाश्त नहीं होगी

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने स्पष्ट किया कि आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस घटना ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी रोकने में जुटे सुरक्षा बलों के सामने मौजूद चुनौतियों को एक बार फिर उजागर किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें