रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा फोन कॉल आया है। कॉल करने वाले ने अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। फोन करने वाले ने अपनी पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में बताई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच मामले की जांच में जुट गई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तुषार कपूर ने खुद इस मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की। जांच के दौरान कॉल में सुनाई देने वाली आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के उपलब्ध आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में समानता नहीं पाई गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और उसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है।
पहले भी कई फिल्मी हस्तियों को मिल चुकी हैं धमकियां
हैरी बॉक्सर का नाम इससे पहले भी फिल्म और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों को मिली कथित धमकियों के मामलों में सामने आ चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर एक वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर अभिनेता और उनके स्टाफ को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
इसके अलावा फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग और हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया था। इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा एक वॉइस नोट के जरिए किया गया था।
पंजाबी गायक गुरु रंधावा को भी कथित तौर पर धमकी मिलने की खबरें सामने आई थीं। वहीं, कॉमेडियन कपिल शर्मा का कनाडा स्थित कैफे भी फायरिंग की घटनाओं के बाद चर्चा में रहा है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद फिर चर्चा में लॉरेंस गैंग
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बाद भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सुर्खियों में आया था। खबरों के मुताबिक, 18 अक्टूबर की शाम जुहू इलाके में फुटबॉल अभ्यास के बाद बाहर निकल रहे टाइगर श्रॉफ की कार पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए थे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
फिलहाल तुषार कपूर को आए कथित धमकी भरे कॉल के मामले में पुलिस की जांच जारी है। आवाज के मिलान में अंतर मिलने के बाद इस बात की पड़ताल की जा रही है कि कॉल के पीछे कौन था और क्या वाकई किसी ने गैंग का नाम लेकर फिरौती वसूलने की साजिश रची थी।





