लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

यूपी चुनाव 2027: प्रियंका गांधी ने संभाली कमान, सपा से सीटों की सौदेबाजी से लेकर चुनावी रैलियों तक का प्लान तैयार!

प्रियंका गांधी ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं यूपी प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मैराथन बैठकें की हैं। बैठक के दौरान सपा से सीट शेयरिंग, संगठन को मजबूत करने, चुनावी अभियान की रूपरेखा तैयार को लेकर चर्चा की गई।

रिपोर्ट: संतेश्वर वर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी इस बार चुनावी तैयारियों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। यूपी कांग्रेस से जुड़े बड़े राजनीतिक और संगठनात्मक फैसलों की कमान अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सीधे अपने हाथों में ले ली है। वह संगठन को मजबूत करने, चुनावी अभियान की रूपरेखा तैयार करने और विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की रणनीति बनाने में सक्रिय हो गई हैं।
हाल ही में दिल्ली स्थित प्रियंका गांधी के आवास पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ मैराथन बैठकें हुईं। इन बैठकों में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रियंका गांधी के हाथों में यूपी चुनाव की कमान
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन को लेकर कांग्रेस इस बार बेहद सतर्कता से कदम बढ़ा रही है। सीटों के बंटवारे से लेकर चुनावी तालमेल तक की रणनीति प्रियंका गांधी की निगरानी में तैयार की जा रही है। माना जा रहा है कि गठबंधन को अंतिम रूप देने और सीटों के सम्मानजनक बंटवारे के लिए प्रियंका गांधी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सीधे बातचीत कर सकती हैं।
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने चुनावी घोषणापत्र, प्रचार अभियान, चुनाव प्रबंधन और समन्वय समितियों के गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दिवाली के बाद इन समितियों की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। कांग्रेस का प्रयास है कि चुनाव से काफी पहले संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय कर दिया जाए, ताकि चुनावी मैदान में उतरने के समय किसी तरह की रणनीतिक कमी न रहे।

20 नवंबर के बाद यूपी में बड़ी रैलियां कर सकती हैं प्रियंका
कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपने कार्यकर्ताओं के बीच नया उत्साह पैदा करने और जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, 20 नवंबर के बाद प्रियंका गांधी प्रदेश में बड़े स्तर पर जनसभाएं और रैलियां कर सकती हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए वह सीधे जनता से संवाद करने के साथ पार्टी के चुनावी अभियान को गति दे सकती हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में भी प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की कमान संभाली थी। ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान के जरिए उन्होंने महिला मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने की कोशिश की थी। इस बार पार्टी की रणनीति पहले से अधिक व्यापक दिखाई दे रही है। संगठन विस्तार से लेकर चुनावी मुद्दों और गठबंधन की बातचीत तक, हर स्तर पर तैयारियां तेज की जा रही हैं।

बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और वोट चोरी पर घेरेगी कांग्रेस
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस इस बार कई मुद्दों को केंद्र में रखकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं के साथ-साथ एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और कथित वोट चोरी का मुद्दा भी पार्टी के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल है।
प्रियंका गांधी के निर्देश पर इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में अभियान और आंदोलन खड़ा करने की तैयारी की जा रही है। पार्टी नेतृत्व की ओर से नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस की कोशिश है कि इन सवालों को केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इन्हें जमीनी आंदोलन का रूप दिया जाए।

यूपी की राजनीति में प्रियंका गांधी की दिलचस्पी बरकरार
प्रियंका गांधी का उत्तर प्रदेश की राजनीति से पुराना जुड़ाव रहा है। पहले उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश और बाद में पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्तमान में वह केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश को लेकर उनकी सक्रियता एक बार फिर बढ़ती दिखाई दे रही है।
पिछले विधानसभा चुनाव में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान के जरिए उन्होंने महिलाओं को राजनीतिक रूप से लामबंद करने की कोशिश की थी। हालांकि, यह अभियान कांग्रेस को अपेक्षित चुनावी सफलता नहीं दिला सका। इसके बावजूद पार्टी ने 2027 के चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी पर भरोसा जताया है।
दिल्ली में प्रदेश के शीर्ष नेताओं के साथ लगातार बैठकें, संगठनात्मक समितियों के गठन की कवायद और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी इस बात का संकेत है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

सपा के सामने बराबरी की हिस्सेदारी चाहती है कांग्रेस?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के बाद पार्टी अब समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में अपनी भूमिका को लेकर अधिक मुखर हो सकती है। कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उसे केवल सहयोगी दल के तौर पर नहीं, बल्कि एक मजबूत और सम्मानजनक साझेदार के रूप में जगह मिले।
प्रियंका गांधी का सीधे सीट बंटवारे और संगठनात्मक समितियों के गठन की प्रक्रिया में शामिल होना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। कांग्रेस के कई नेता पहले भी गठबंधन में सम्मानजनक सीटों की मांग उठाते रहे हैं।
ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के तालमेल की बातचीत काफी अहम होने वाली है। बड़ा सवाल यह है कि क्या अखिलेश यादव कांग्रेस को उसकी अपेक्षा के मुताबिक सीटें देने के लिए तैयार होंगे? फिलहाल इतना साफ है कि प्रियंका गांधी ने यूपी की राजनीति में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए मोर्चा संभाल लिया है और आने वाले दिनों में प्रदेश का सियासी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें