रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
यूपी। जैसे-जैसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है। सियासी हलचल तेज होती जा रही है। गठबंधन के नए समीकरणों से लेकर दलों के भीतर सीट शेयरिंग तक जारी रस्साकशी ने यूपी की सियासत को पूरी तरह गर्मा दिया है। इसी सियासी हलचल के बीच अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति और INDIA गठबंधन के समीकरणों को लेकर चर्चा हुई। जबकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में लेने से साफ इनकार कर दिया है।
यूपी में स्वामी प्रसाद मौर्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहती कांग्रेस
दोनों नेताओं के मुलाकात को अगले विधानसभा से जोड़कर देखा जा रहा है। सपा के सवाल उठाए जाने के बाद इस पूरे घटनाक्रम पर यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि राजनीति से अलग व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन के भी अपने मायने होते हैं। उन्होंने बेबाक अंदाज में सवाल उठाते हुए कहा कि क्या मैं अपने दोस्तों से मिलना बंद कर दूं? क्या मैं अपनी सामाजिक जिंदगी छोड़ दूं?
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा अखिलेश यादव या अन्य नेता किससे मिलते हैं, यह उनका अधिकार है, वैसे ही यह मेरा अधिकार है कि मैं किससे मिलूं या किससे न मिलूं।
वहीं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने मुलाकात को लेकर स्पष्ट रूख अपनाया है। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन में किसे शामिल करना है या नहीं, इसका अंतिम फैसला राज्य के स्तर पर नहीं बल्कि इसका निर्णय राजधानी दिल्ली के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
1 नवंबर को रामलीला स्थित रैली में शामिल हुए थे स्वामी
इस पूरी घटनाक्रम के बाद से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन के भविष्य को लेकर नए राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, दिल्ली के रामलीला मैदान में मौर्य ने INDIA गठबंधन की रैली में भी हिस्सा लिया था।





