लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

राहुल गांधी को कारोबारियों की चिट्ठी, INDIA ब्लॉक की महारैली टालने की अपील; 10 हजार करोड़ के कारोबार पर संकट का दावा

राहुल गांधी को CTI ने पत्र लिखकर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली 10 नवंबर के बाद कराने की मांग की। कारोबारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में ट्रैफिक डायवर्जन और बाजारों तक पहुंच प्रभावित होने से दिल्ली के व्यापार को भारी नुकसान हो सकता है। अक्टूबर में प्रदर्शनों और रास्ते बंद होने से 3 हजार करोड़ रुपये के नुकसान का भी दावा किया गया है।

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

दिल्ली। दिल्ली में त्योहारी सीजन के बीच 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर कारोबारियों ने चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली स्थगित करने की अपील की है। संगठन ने रैली को 10 नवंबर यानी भैया दूज के बाद आयोजित करने का सुझाव दिया है। कारोबारियों का दावा है कि रैली के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और आवाजाही में बाधा आने से दिल्ली के करीब 10 हजार करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ सकता है।

दरअसल, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ INDIA ब्लॉक की महारैली प्रस्तावित है। इसी को लेकर CTI ने पत्र के माध्यम से अपनी चिंताएं सामने रखी हैं। संगठन का कहना है कि धनतेरस और दीपावली के आसपास का समय दिल्ली के व्यापारियों के लिए बेहद अहम होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचते हैं।

त्योहारी सीजन में 25 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान

CTI के मुताबिक, दिल्ली में धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के दौरान करीब 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है। 1 नवंबर से ही बाजारों में खरीदारी तेज होने लगती है। ऐसे में इस दौरान किसी बड़े आयोजन से यातायात और ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने पर व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

प्रदर्शनों से 3 हजार करोड़ के नुकसान का दावा

कारोबारी संगठन का दावा है कि अक्टूबर में मध्य दिल्ली में हुए प्रदर्शनों और रास्ते बंद होने के कारण व्यापारियों को पहले ही करीब 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। CTI ने आशंका जताई है कि महारैली के कारण एक बार फिर बाजारों का कामकाज प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली के प्रमुख थोक बाजारों पर असर की आशंका

कारोबारियों के अनुसार, रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, भागीरथ पैलेस और करोल बाग समेत करीब 20 प्रमुख थोक और खुदरा बाजार स्थित हैं। रैली के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और बैरिकेडिंग के कारण इन बाजारों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। इससे ग्राहकों के साथ-साथ व्यापारियों की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका है।

बाहर से आने वाले कारोबारियों की आवाजाही पर भी चिंता

CTI ने पत्र में यह भी कहा है कि नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास होने वाली आवाजाही प्रभावित होने से बाहर से खरीदारी और व्यापार के लिए दिल्ली आने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। इसका सीधा असर त्योहारी बिक्री पर पड़ने की आशंका जताई गई है।

कारोबारी संगठन ने राहुल गांधी से अपील की है कि व्यापारियों की समस्याओं और त्योहारी सीजन की अहमियत को देखते हुए महारैली की तारीख 10 नवंबर के बाद तय की जाए, ताकि राजनीतिक कार्यक्रम और व्यापारिक गतिविधियां एक-दूसरे से प्रभावित न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें