लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

मधेपुरा में सनसनीखेज वारदात: पत्नी ने पति को करंट लगाकर मार डाला, शव दरवाजे पर रखकर रची हादसे की साजिश

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

मधेपुरा, बिहार। बिहार के मधेपुरा जिले में एक पत्नी पर अपने पति की करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद उसने शव को घर के दरवाजे पर रखकर घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की। मामला बिहारीगंज थाना क्षेत्र की सरौनी कला पंचायत के वार्ड-9 का है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी गुंजन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में महिला ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसका कहना है कि पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था। मृतक के पिता ठाकुर मुखिया के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।

कमरे में ले जाकर दिया वारदात को अंजाम

मृतक की पहचान 26 वर्षीय नंदकिशोर मुखिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब तीन बजे गुंजन ने सो रहे पति को जगाया और घर के अंदर ले गई। पूछताछ में उसने बताया कि नशे की हालत में नंदकिशोर ने उसके साथ फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पति को बिजली का करंट लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव दरवाजे पर रखकर हादसा दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने वारदात को सामान्य मौत या हादसे का रूप देने की कोशिश की। इसके लिए उसने शव को घसीटकर घर के दरवाजे पर रख दिया। बुधवार सुबह दरवाजे पर नंदकिशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

जले हुए तार और शरीर पर निशानों से खुला राज

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पवन कुमार सिंह और बिहारीगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के हाथ और गले पर जलने के गहरे निशान मिले। वहीं, घर के अंदर से जला हुआ कॉपर का तार भी बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने 24 घंटे में किया मामले का खुलासा

एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में ही करंट लगाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई गई। इसके बाद गुंजन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

2020 में हुई थी शादी, दो छोटे बच्चों का पिता था मृतक

जानकारी के मुताबिक, नंदकिशोर और गुंजन की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। नंदकिशोर पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पांच साल की एक बेटी और तीन साल का एक बेटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें