लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

20 साल की शादी का खौफनाक अंत! बेंगलुरु में कैब ड्राइवर पर पत्नी-सास समेत 7 लोगों की हत्या का आरोप

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके से एक दिल दहला देने वाला सामूहिक हत्याकांड सामने आया है। यहां एक 46 वर्षीय कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी, सास, दो सालों, दो सालहज और सात साल के मासूम बच्चे समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित कर जांच की जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक और वैवाहिक विवाद सामने आया है। आरोप है कि पत्नी और ससुराल पक्ष से नाराजगी के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात की साजिश रची और एक-एक कर परिवार के सात सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया।

20 साल पुराने वैवाहिक विवाद ने लिया खौफनाक रूप

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इंदुशेखर और उसकी पत्नी सुनीता के बीच पिछले करीब 20 वर्षों से विवाद चल रहा था। आरोपी को इस बात से नाराजगी थी कि उसकी पत्नी लगातार अपने मायके वालों के संपर्क में रहती थी और घर की छोटी-बड़ी बातें भी अपने परिजनों को बताती थी।

बताया जा रहा है कि जब भी पति-पत्नी के बीच विवाद होता था, सुनीता के मायके वाले उसका पक्ष लेते थे। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में ससुराल पक्ष के प्रति नाराजगी बढ़ती गई। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश ने उसे पूरे परिवार को खत्म करने की खौफनाक साजिश रचने के लिए उकसाया।

एक ही परिवार के सात लोगों की हत्या

इस हत्याकांड में जान गंवाने वाले सभी सात लोग एक ही परिवार से जुड़े थे। मृतकों में आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपावती, दो साले शिवकुमार और शंकर, दो सालहज दिव्या और नलिनी तथा सात साल का मासूम पुनीत शामिल हैं।

सिलबट्टे से सिर पर वार कर की हत्या, नंदी हिल्स के पास फेंके शव

पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात को अंजाम देने के तरीके को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी ने पहले से ही हत्या की योजना बना रखी थी।

आरोप है कि उसने सबसे पहले राजाजीनगर स्थित अपने घर में पत्नी सुनीता के सिर पर सिलबट्टे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को अपनी कैब में रखकर चिक्काबल्लापुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नंदी हिल्स के पास ले गया और वहां ठिकाने लगा दिया।

वारदात छिपाने के लिए आरोपी ने पड़ोसियों को गुमराह करने की भी कोशिश की। उसने सुनीता का मोबाइल फोन बंद कर दिया और लोगों से कहा कि वह घूमने गई है।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने अगले दिन अपने दोनों सालों और उनके परिवारों को पार्टी के बहाने घर बुलाया। जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खाने में कोई नशीला पदार्थ मिलाया था। इसके बाद जब परिवार के सदस्य बेहोश या सुस्त हो गए, तो आरोपी ने कथित तौर पर एक-एक कर उनके सिर पर सिलबट्टे से वार किया। इस हमले में उसकी सास, दोनों साले, दोनों सालहज और सात साल के बच्चे की भी जान चली गई।

आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने सभी शवों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की। पुलिस अब उसकी निशानदेही पर शवों की तलाश कर रही है।

खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने वारदात के सबूत मिटाने की कोशिश की थी। घर में फैले खून के निशानों को साफ करने के लिए कथित तौर पर केमिकल का इस्तेमाल किया गया, ताकि किसी को हत्या की भनक न लगे।

हालांकि, फॉरेंसिक जांच के जरिए पुलिस घर में मौजूद खून के निशानों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार अपने बयान बदल रहा था, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।

गुमशुदगी की शिकायत से खुला सात हत्याओं का राज

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक गुमशुदगी की शिकायत के बाद हुआ। बताया जा रहा है कि नलिनी की मां ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संदिग्धों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले और आरोपी इंदुशेखर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान उसके बार-बार बयान बदलने से पुलिस को उस पर संदेह हुआ। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और पुलिस ने हत्याकांड की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।

आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी के आसपास करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सात वर्षीय बच्चे पुनीत का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।

50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रभाग के डीसीपी बी.एस. नेमा गौड़ा ने 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित किए जाने की जानकारी दी है। आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अब तक नंदी हिल्स की तलहटी से सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद कर चुकी है, जबकि बाकी छह शवों की तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए जाने का आरोपित सिलबट्टा और शवों को ले जाने के लिए इस्तेमाल की गई कैब भी जब्त कर ली है।

फिलहाल पुलिस की कई टीमें इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े सबूत जुटाने, शवों की बरामदगी और वारदात की पूरी कड़ियों को जोड़ने में लगी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें