लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिल्ली में आग का तांडव: गफ्फार मार्केट, आजादपुर और शाहदरा में तीन भीषण अग्निकांड, करोड़ों का सामान जलकर राख

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह आग की तीन बड़ी घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। तड़के से लेकर सुबह तक करोल बाग की गफ्फार मार्केट, न्यू आजादपुर और शाहदरा के कृष्णा नगर इलाके में भीषण आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में कई दुकानें और गोदाम आग की चपेट में आ गए, जिससे करोड़ों रुपये के सामान के जलकर खाक होने की आशंका है। राहत की बात यह रही कि तीनों घटनाओं में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

आग की घटनाओं की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।

गफ्फार मार्केट में तड़के लगी भीषण आग, चार मंजिला इमारत आई चपेट में

शुक्रवार तड़के करीब 1:30 बजे करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट के 13 ब्लॉक की चेन वाली गली में ‘पुरी प्लाजा’ नाम की चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत में मौजूद कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, बाजार की संकरी गलियों और ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित मोबाइल बैटरी की एक दुकान में ओवरहीटिंग या ओवरचार्जिंग के कारण आग लगने की आशंका है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि यहीं से आग फैलकर पूरी चार मंजिला इमारत तक पहुंच गई। फिलहाल पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और नगर निगम (MCD) की टीमें आग लगने के वास्तविक कारणों और इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच कर रही हैं।

न्यू आजादपुर में दुकान में आग, दमकल विभाग ने घोषित किया मेजर-4

आग की दूसरी घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:40 बजे न्यू आजादपुर इलाके के शांति मोहल्ला में गीता बाल भवन स्कूल के पास हुई। यहां एक दुकान से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।

सुबह करीब 9:10 बजे तक आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने इसे मेजर-4 श्रेणी की घटना घोषित किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 11 से 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया। इस घटना में भी किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।

शाहदरा के कृष्णा नगर में कपड़ों के गोदामों में आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

तीसरी घटना शाहदरा जिले के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के शांति मोहल्ला की गली नंबर-6 में हुई। शुक्रवार सुबह यहां एक इमारत में आग लग गई। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

इस गली में कई संपत्तियों का इस्तेमाल कपड़ों और टेक्सटाइल के गोदामों के रूप में किया जाता है। गोदामों में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी गली में धुएं का गुबार छा गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। संकरी और बंद गली होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौतियां आईं। इसके बावजूद दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। राहत की बात यह रही कि समय रहते इमारत और गोदामों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

त्योहार और शादी के सीजन को देखते हुए प्रशासन की व्यापारियों से अपील

गौरतलब है कि त्योहारों और शादियों का सीजन होने के कारण इन दिनों दिल्ली के बाजारों में व्यापारियों ने बड़ी मात्रा में सामान का स्टॉक जमा कर रखा है। ऐसे में आग की इन घटनाओं से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं को देखते हुए दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस ने व्यापारियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने दुकानों और गोदामों में बिजली की वायरिंग की नियमित जांच कराने, ओवरलोडिंग से बचने और अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू हालत में रखने की सलाह दी है।

प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े अग्निकांड का कारण बन सकती है। इसलिए व्यापारियों को सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें