लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

भूटान में ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही, भारत के दो राज्यों में हाई अलर्ट; 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

थिम्पू/अलीपुरद्वार। भूटान में ग्लेशियर झील फटने से भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। उत्तर-पश्चिमी भूटान के गासा जिले में गुरुवार रात शिंताफू ग्लेशियर झील के अचानक फटने से मो छू नदी में पानी का तेज बहाव आ गया। बाढ़ की चपेट में आने से पुनाखा-गासा हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद इस मार्ग पर यातायात बंद करना पड़ा। वहीं, झील से निकले पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। यह नदी भारत के असम और पश्चिम बंगाल से होकर आगे ब्रह्मपुत्र नदी में मिलती है। ऐसे में बाढ़ का खतरा भारतीय क्षेत्रों तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल और असम में अलर्ट जारी किया गया है। पूरे उत्तर बंगाल में प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दी हैं।

भारत के दो राज्यों में हाई अलर्ट, 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

भूटान में ग्लेशियर झील फटने के बाद पानी का तेज बहाव नदियों के रास्ते भारत की ओर बढ़ रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के साथ-साथ असम के धुबरी तथा अन्य नदी तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 10 हजार से अधिक लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया है।

लोगों को समय रहते खतरे से आगाह करने के लिए रातभर सायरन बजाए गए और जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की गई। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF, SDRF और आपदा प्रबंधन की टीमों को भी तैनात किया गया है।

भूटान में बाढ़ से भारी नुकसान, कई परियोजनाएं प्रभावित

भूटान से मिल रही जानकारी के मुताबिक, बाढ़ के पानी का बहाव इतना तेज था कि गासा जिले का प्रसिद्ध गर्म पानी का कुंड ‘त्शाचु’ पूरी तरह बह गया। इसके अलावा पुनाखा-गासा हाईवे और लाया गेवोग के तोंगचुद्रक सेक्शन का बड़ा हिस्सा भी पानी में बह गया है। सड़क संपर्क टूटने से कई इलाकों का आवागमन प्रभावित हुआ है।

बाढ़ ने भूटान में चल रही विकास परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचाया है। पुनाखा जिले की एक बड़ी सोलर सिंचाई परियोजना पूरी तरह ठप हो गई है। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने और पानी का दबाव कम करने के लिए पुनाखा-2 हाइड्रोपावर परियोजना के गेट खोल दिए गए हैं।

भूटान का ऐतिहासिक पुनाखा जोंग बंद 

बाढ़ से पैदा हुए हालात को देखते हुए भूटान के स्थानीय प्रशासन ने ऐतिहासिक पुनाखा जोंग को अगले आदेश तक पर्यटकों और आम लोगों के लिए बंद कर दिया है। यह फैसला लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक इस प्राकृतिक आपदा में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

क्या है ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड, क्यों इतनी खतरनाक होती है यह बाढ़?

ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) ऐसी प्राकृतिक आपदा है, जिसमें ग्लेशियर के पास बनी झील का पानी अचानक बड़ी मात्रा में बाहर निकलकर निचले इलाकों में तबाही मचा देता है। ग्लेशियरों के पिघलने और पीछे हटने के कारण उनके आसपास पानी जमा होने लगता है और धीरे-धीरे बड़ी झीलों का निर्माण हो जाता है।

इन झीलों को रोकने वाले प्राकृतिक बांध जब अचानक टूट जाते हैं, तो पानी बेहद तेज रफ्तार से नीचे की ओर बहने लगता है। इसकी चपेट में आने वाले रास्ते, पुल, मकान और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंच सकता है। भारी बारिश, भूस्खलन, हिमस्खलन, भूकंप और ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने जैसी घटनाएं ऐसे बांधों के टूटने की वजह बन सकती हैं।

जलवायु परिवर्तन और बढ़ते वैश्विक तापमान के कारण ग्लेशियरों के पिघलने की रफ्तार बढ़ रही है, जिससे ऐसी झीलों और उनसे जुड़ी बाढ़ का खतरा भी गंभीर होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें