लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

पीएम मोदी ने किया देश के पहले बोवाइन ब्रीडिंग रिसर्च सेंटर का उद्घाटन, विपक्ष पर साधा निशाना; किसानों को दी 14 हजार करोड़ की सौगात

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

गुजरात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन शुक्रवार को उन्होंने बनासकांठा के भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश के पहले भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का उद्घाटन किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने ईरान और खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश किसी संकट का सामना कर रहा होता है, तब कुछ लोग हालात से निपटने में सहयोग करने के बजाय अफवाहें फैलाने में जुट जाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत एकजुट होकर चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसके बावजूद कुछ लोगों को देश को मुश्किल में देखकर खुशी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने किसानों के बीच खाद की कमी और महिलाओं के बीच रसोई गैस की आपूर्ति बंद होने का डर फैलाने की कोशिश की। उनकी मंशा देश में भ्रम और अफरातफरी का माहौल पैदा करने की थी, ताकि मोदी को बदनाम किया जा सके। हालांकि, प्रधानमंत्री ने अपने इस हमले में किसी विपक्षी दल या नेता का नाम नहीं लिया।

युवा विकसित भारत का सपना देख रहा है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का युवा भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में देखना चाहता है और इसके लिए लगातार प्रयास भी कर रहा है। लेकिन कुछ लोगों को देश की तरक्की और विकास के लिए किए जा रहे प्रयास रास नहीं आते। उन्होंने कहा कि सरकार का हर विकास कार्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में उठाया गया कदम है। अनिश्चितताओं से भरी वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी भारत की तेज विकास यात्रा पर पूरी दुनिया की नजर है।

बनासकांठा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात

गुजरात दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने बनासकांठा के भिलड़ी में देश के पहले भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का उद्घाटन किया। करीब 127 एकड़ में विकसित इस अत्याधुनिक केंद्र का मुख्य उद्देश्य कांकरेज नस्ल के मवेशियों का संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक अनुसंधान करना है।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। दौरे के तहत उन्होंने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

राहुल गांधी के आलू से सोना बनाने वाले बयान पर कसा तंज

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुराने आलू से सोना बनाने वाले बयान का जिक्र करते हुए उन पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि एक तरफ से आलू डालने पर दूसरी तरफ से सोना निकलेगा, वे बनासकांठा आकर ऐसी बात भी नहीं कह सकते। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां का आलू दुनियाभर में प्रसिद्ध है और यहां के किसान इसकी अहमियत पहले से जानते हैं।

रेलवे, मेट्रो और सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती

प्रधानमंत्री ने गुजरात में परिवहन और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी की आधारशिला रखी गई। अहमदाबाद-मेहसाणा सड़क मार्ग को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन करने की परियोजना का शुभारंभ भी किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन और कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

हर्ष संघवी बोले- मोदी कहीं नहीं जाएंगे

कार्यक्रम में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया। संघवी ने कांग्रेस और उसके अध्यक्ष को जवाब देते हुए कहा, “मैं कांग्रेस और उसके अध्यक्ष से कहना चाहता हूं कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे।”

महिलाओं ने भी लगाए नारे, पीएम मोदी ने मुस्कराकर किया अभिवादन

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां मौजूद महिलाओं के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान महिलाओं ने हाथ उठाकर ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ के नारे लगाए। महिलाओं का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री भी मुस्कराते नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़कर सभी महिलाओं का अभिवादन किया।

चारपाइयों पर बैठकर कार्यक्रम में शामिल हुए लोग, पीएम मोदी ने की तारीफ

बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम में लोगों के बैठने की अनूठी व्यवस्था भी प्रधानमंत्री के आकर्षण का केंद्र रही। यहां बड़ी संख्या में लोग कुर्सियों के बजाय चारपाइयों पर बैठकर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस व्यवस्था को देखकर पीएम मोदी ने हैरानी और खुशी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि चारपाइयों पर लोगों को बैठा देखकर देश के दूसरे हिस्सों के लोगों को आश्चर्य हो सकता है। बनासकांठा ने गांवों की पुरानी परंपराओं को एक बार फिर जीवंत किया है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगर इस व्यवस्था की जानकारी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को दी जाती, तो संभव है कि इसे विश्व रिकॉर्ड के तौर पर मान्यता मिल जाती। प्रधानमंत्री ने इसे भारतीय ग्रामीण संस्कृति और परंपरा से जुड़ी एक खास पहल बताया।

गौशाला पहुंचे पीएम मोदी, बछड़े को दूध पिलाया और गाय को खिलाया गुड़

बनासकांठा में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री एक गौशाला भी पहुंचे। यहां उनका पशुओं के प्रति स्नेह भरा अंदाज देखने को मिला। उन्होंने एक बछड़े को दूध पिलाया और गाय को गुड़ खिलाया। इसके साथ ही नन्हे बछड़ों को सहलाया और उन्हें चारा भी खिलाया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने केंद्र में अपनाई जा रही आधुनिक पशु प्रजनन तकनीकों की जानकारी ली। यह केंद्र कांकरेज जैसी स्वदेशी मवेशी नस्लों के संरक्षण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री ने किसानों की आमदनी बढ़ाने में पशुपालन और उन्नत नस्लों की भूमिका पर भी जोर दिया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर केवड़िया में शामिल होंगे प्रधानमंत्री

गुजरात दौरे के दूसरे दिन यानी 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

इसके अलावा एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इससे पहले 30 अक्टूबर की शाम को प्रधानमंत्री भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे और नर्मदा आरती में भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें