लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिल्लीः चावड़ी बाजार में 3 मंजिला इमारत ढही, 2 की मौत, कई के दबे होने की आशंका

चांदनी चौक के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा
दिल्ली। पुरानी दिल्ली के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके चांदनी चौक के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने स्थित गली सितारा में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। जिसमें दबने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोगों के अभी भी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। जिससे मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ राहत और बचाव के लिए टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है।

सुबह 9:50 बजे हुई घटना, इलाके में मची चीख-पुकार
इलाके के लोगो के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर हुआ। इमारत के गिरते ही चारों तरफ धूल का गुबार छा गया और इलाके में चीख-पुकार मच गई। चूंकि यह एक निर्माणाधीन साइट थी। इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि मलबे में दबे अधिकांश लोग वहां काम करने वाले मजदूर हो सकते हैं।

संकरी गलियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
तीन मंजिला इमारत ढहने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। चावड़ी बाजार की गलियां बेहद संकरी और घनी आबादी है। ऐसे में तत्काल टीमें नहीं पहुंच पा रही है। फिर भी, दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और राहत एंव बचाव कार्य में लग गई। फिलहाल, NDRF, दिल्ली पुलिस और नगर निगम की टीमें मलबे को हटाने और दबे हुए लोगों को बाहर निकालने के काम में जुटी हैं। बचाव कर्मियों को क्रेन और रेस्क्यू मशीनों को मौके तक पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राहत कर्मी हाथों और छोटे उपकरणों की मदद से मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

AAP ने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए
घटना के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने CM रेखा गुप्ता सरकार और MCD को घेरा। उन्होंने सोसल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कई बार सुरक्षा ऑडिट के आदेश के बावजूद दिल्ली में इमारतें गिर रही हैं। भारद्वाज ने सरकारी विभागों पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग रिश्वत नहीं देते, उनकी इमारतें सील कर दी जाती हैं, जबकि दूसरी इमारतों पर कार्रवाई नहीं होती। साथ ही, उन्होंने दमकल विभाग और SDM कार्यालयों में भी वसूली का आरोप लगाया और ग्रेटर कैलाश-2 में दो जिम सील करने की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

त्योहारी सीजन में सुरक्षा के लेकर लोगों की बीच बढ़ी चिंता
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब दिवाली और आगामी त्योहारों के कारण चावड़ी बाजार और चांदनी चौक के थोक बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस घटना के बाद से पूरे व्यापारिक क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। लोग इलाके की पुरानी इमारतों की ऑडिट की बात कर रहे है। साथ ही सरकार से सवाल पूछ रहे है कि अभी कुछ दिनों पहले ही इमारत गिरने की घटना के बाद भी सरकार ने पुरानी इमारतों की जांच क्यो नहीं कराई।

पुरानी दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने पुरानी दिल्ली के जर्जर मकानों और वहां चल रहे अवैध निर्माणों की पोल खोल दी है। गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले ही चांदनी चौक की ऐतिहासिक 160 साल पुरानी ‘टाउन हॉल’ इमारत का भी एक हिस्सा ढह गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अब प्रशासन और सुरक्षा ऑडिट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है।
अस्पताल में भर्ती घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, मलबे के नीचे फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना इस वक्त प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें