लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

राजस्थान के नागौर में बारूद बनाते समय भीषण धमाका: 2 युवकों की जिंदा जलने से मौत

नागौर शहर के बड़ली क्षेत्र में पोटेशियम से भरे एक गोदाम में आग लगने से विस्फोट हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। साथ ही पुलिस हादसे के पीछे के वजहों काे तलाशने में जुट गई है।

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा
नागौर (राजस्थान)। राजस्थान के नागौर शहर के बड़ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पोटेशियम से भरे एक गोदाम में बारूद तैयार करते वक्त अचानक आग लग गई। जिसके कारण विस्फोट हो गया। हादसे में दो युवकों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर नागौर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गई। फिलहाल, दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। हालांकि, विस्फोट किन वजहों से हुआ अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ वहां काम कर रहे मजदूरों की जानकारी जुटा रही है।

आधा किलोमीटर तक टूटे खिड़की-दरवाजे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 9:40 बजे अचानक लगातार तीन जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों के सभी लोग बाहर की ओर भागे। जबकि, घटनास्थल के आसपास बने घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई घरों की खिड़कियों और गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए। विस्फोट के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पोटेशियम नाइट्रेट से बनाया जा रहा था बारूद
पुलिस की जारी जांच की शुरुआती रिपोर्ट में सामने आ रहा है कि गोदाम संचालक अमीन के पास पटाखों का स्थाई लाइसेंस था। यहां गोदाम के भीतर पोटेशियम नाइट्रेट और अन्य रासायनिक सामग्रियों को मिलाकर बारूद तैयार करने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से बारूद ने आग पकड़ ली और विस्फोट हो गया। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।

अस्पताल पहुंचाई गई लाशें, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गोदाम में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतकों की पहचान नागौर शहर के बनबाजारवाड़ा निवासी के रूप में बताई गई है। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों के शव कब्जे में लेकर जेएलएन अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिए हैं। हालांकि, गोदाम के अंदर कुछ और मजदूरों के भी मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और राहत दल मलबे को हटाने के साथ अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें