दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। दिल्ली से सटे नोएडा में भी हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। पांचवी तक के स्कूल किए गए बंद कर दिए गए है। बीएस-6 से नीचे के वाहनों पर दिल्ली में रोक लगा दी गई है।
रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा
दिल्ली। दिवाली से ठीक पहले दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। प्रदूषण अपने चरम पर पहुंच गया है और सरकार की से की जा रही तमाम कोशिशें बेकार साबित हो रही है। इसी बीच शनिवार की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में 400 का आंकड़ा पार कर गया है। इसी के साथ ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत लागू स्टेज-3 प्रदूषण प्रतिबंध भी लागू हो गए हैं। फिर भी दिल्ली की हवा दमघोंटू बनी हुई है।
IIT दिल्ली का AQI 442 पहुंचा
दिल्ली में सबसे खराब हवा IIT दिल्ली में दर्ज की गई है, जहां AQI 442 पहुंच गया है। इसके बाद पंजाबी बाग में 433, मुंडका में 421, रोहिणी में 418, आरके पुरम में 417, सोनिया विहार में 414, नजफगढ़ में 413, बवाना और द्वारका में 411 रहा।
वहीं, नरेला में AQI 409, अलीपुर में 402 और पटपड़गंज में 403 दर्ज किया गया है। इन सभी इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में है। इसके बाद ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आने वाले इलाकों में चांदनी चौक और मंदिर मार्ग का AQI 397, जेएनयू का 393, बुराड़ी का 392, आया नगर का 383, मथुरा रोड का 382, नांगलोई का 364 और IGI एयरपोर्ट का 340 दर्ज किया गया। इसके अलावा वजीरपुर में AQI 337, शादीपुर में 324, अशोक विहार में 320 और बदरपुर में AQI 316 रहा। इस लिस्ट में सबसे कम AQI वाले इलाके लोधी रोड (278) और आनंद विहार (276) रहे, जो ‘खराब’ श्रेणी में आते हैं।
नोएडा में भी सांस लेना मुश्किल
नोएडा की बात करें तो हवा की सबसे खराब स्थिति सेक्टर-62 (IITM) में है, जहां AQI 415 दर्ज किया गया है। वहीं सेक्टर-116 का AQI 287, सेक्टर-125 का 281, सेक्टर-39 का 267, सेक्टर-110 का 257 और सेक्टर-1 का AQI 251 दर्ज किया गया है। इस लिस्ट में सबसे बेहतर स्थिति सेक्टर-150 की है, जहां AQI 230 दर्ज किया गया है।
दिल्ली में लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण
राज्य सरकार ने बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए पूरे दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को GRAP-3 की पाबंदियां लागू कर दी हैं। राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब पहुंचने को है। इसी के साथ ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत लागू स्टेज-3 प्रदूषण प्रतिबंध भी लागू हो गए हैं। दिल्ली का औसत एयर क्ववालिटी इंडेक्स 382 तक पहुंच गया है। इसी को देखते हुए ‘कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट’ ने एहतियाती कदम उठाते हुए तत्काल प्रभाव से GRAP-3 की पाबंदी लागू की है। इससे पहले सोमवार को तत्काल प्रभाव से ग्रैप-2 लागू किया गया था।
इन चीजों पर लगी पाबंदी
GRAP-3 के तहत गैर-जरूरी निर्माण कार्यों और तोड़फोड़ के काम पर पूरी तरह से रोक लगा दिया गया है। मिट्टी की खुदाई, पाइलिंग, ट्रेंचिंग और रेडी-मिक्स कंक्रीट प्लांटों का खुले में निर्माण कार्य या संचालन पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
बीएस-6 से नीचे के वाहनों पर दिल्ली में रोक
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के कारण सभी जिलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल चार पहिया वाहनों के सड़कों पर चलने पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है, साथ ही नियमों का उल्लघंन करने पर 20000 हजार तक का चालान किया जा रहा है। इसके अलावा इंटर-स्टेट डीजल बसों के राजधानी में प्रवेश करने या चलने पर रोक रहेगी। रेत और सीमेंट जैसी सामग्री के ट्रांसपोर्ट पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा। इमरजेंसी और जरूरी सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर सेटों का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित है।
पांचवीं क्लास तक स्कूलों को बंद रखने का निर्देश
दिल्ली की हवा में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के मकसद से और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के मद्देनजर जहरीली हवा से बचाने के लिए पांचवीं क्लास तक स्कूलों को बंद रखने और क्लास ऑनलाइन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्राइवेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम या हाइब्रिड मॉडल पर काम करने की सलाह दी गई है।
खुद के सेहत का कैसे रखें ख्याल
प्रदूषण से खुद को सुरक्षित रखने के लिए दैनिक आदतों में कुछ जरूरी बदलाव करना बेहद आवश्यक है। घर से बाहर निकलने से पहले साधारण कपड़े के मास्क के बजाय हमेशा N95 या N99 मास्क का उपयोग करें। जो सूक्ष्म हानिकारक कणों (PM 2.5) को फेफड़ों में जाने से रोकते हैं। घर के भीतर की हवा को साफ रखने के लिए HEPA फिल्टर वाले एयर प्यूरीफायर और हवा शुद्ध करने वाले इनडोर पौधे (जैसे स्नेक प्लांट या एलोवेरा) लगाएं, साथ ही घरों के खिड़की-दरवाजे बंद रखें। इसके अलावा, अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को मजबूत बनाए रखने के लिए एंटी-ऑक्सीडेंट और विटामिन-सी से भरपूर आहार लें, पर्याप्त पानी पिएं और जहरीली हवा के संपर्क से बचने के लिए आउटडोर एक्सरसाइज या मॉर्निंग वॉक की जगह घर के अंदर ही योग या कसरत करें।





