रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय स्कूल में शनिवार को 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल और छात्रा के बैग से तीन सुसाइड नोट मिले हैं। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों और स्कूल से जुड़े संभावित विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्रा का जन्मदिन 25 अक्टूबर को था।
गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली छात्रा
पुलिस के मुताबिक, छात्रा स्कूल में सुरक्षा गार्ड के कमरे के पीछे जली हुई हालत में मिली थी। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से कुछ सामग्री बरामद हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। आशंका है कि छात्रा अपने बैग में ज्वलनशील पदार्थ लेकर स्कूल पहुंची थी।
सुसाइड नोट में माता-पिता की अपेक्षाओं का जिक्र
पुलिस को छात्रा के बैग से तीन सुसाइड नोट मिले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक नोट में छात्रा ने लिखा है कि वह अपने माता-पिता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी। पुलिस के अनुसार, नोट में एक लड़के का भी जिक्र मिला है। ऐसे में जांच के दौरान इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
पानी पीने की बात कहकर कक्षा से निकली थी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, छठे पीरियड के बाद छात्रा ने क्लास पास लेकर पानी पीने जाने की बात कही थी। इसके करीब दो-तीन मिनट बाद स्कूल में चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद छात्रा पानी की टंकी के पास जली हुई हालत में मिली।
स्कूल छोड़कर गई बहन ने कही यह बात
छात्रा की बहन ने बताया कि वह सुबह अपनी भतीजी के साथ उसे स्कूल छोड़कर गई थी। उस समय छात्रा खुश थी और उसे किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई थी। दोपहर में स्कूल प्रबंधन की ओर से उसे घटना की जानकारी दी गई। छात्रा की भाभी ने भी बताया कि स्कूल जाते समय वह सामान्य और खुश दिखाई दे रही थी।
क्राइम टीम जुटा रही है सबूत
शाहदरा की अतिरिक्त डीसीपी गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस को सर्वोदय बाल विद्यालय, कृष्णा नगर में एक बच्ची के खुद को आग लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर छात्रा जली हुई हालत में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि छात्रा 12वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है। क्राइम टीम घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।





