लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

चक्रवात अर्नब का खतरा! 140 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 9 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; 53 ट्रेनें रद्द

सावधान! आ रहा है चक्रवात अर्नब, 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; कई राज्यों में अलर्ट

रिपोर्ट: संतेश्वर वर्मा

कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अर्नब तेजी से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। इसके 28 अक्टूबर को विशाखापत्तनम और बापटला के तटों से टकराने की आशंका जताई जा रही है। इस दौरान काकीनाडा और यानम के पास समुद्र में 1 से 1.5 मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठने का खतरा है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, पुडुचेरी में भी सतर्कता बरती जा रही है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

ओडिशा के 16 जिलों में अलर्ट जारी 

चक्रवात अर्नब का असर ओडिशा में दिखाई देने लगा है। राज्य के 16 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। विशाखापत्तनम में ऑरेंज अलर्ट के बीच हल्की बारिश शुरू हो गई है। अगले तीन घंटों के दौरान श्रीकाकुलम, विजयनगरम और अनकापल्ली में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है।

पुरी जिले में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। खुर्दा जिले के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों के लिए नावों का संचालन तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मंगलवार तक सभी स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा

ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है कि जान-माल की सुरक्षा के लिए राज्य की शून्य जनहानि नीति के तहत व्यापक तैयारियां की गई हैं। दक्षिणी ओडिशा के छह संवेदनशील जिलों में समुद्र में मछली पकड़ने और पहाड़ियों, झरनों, बांधों तथा अन्य पर्यटन स्थलों पर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

सरकार ने गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, मलकानगिरि, कोरापुट और नबरंगपुर जैसे संवेदनशील जिलों में कर्मचारियों और राहत-बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों को पहले ही तैनात कर दिया है।

प्रशासन ने कुछ जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों को चक्रवात आश्रय केंद्रों में पहुंचाया जा रहा है।

ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त राजेश प्रभाकर ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल और वायुसेना के संपर्क में है।

एयर इंडिया ने जारी की यात्रा संबंधी चेतावनी

चक्रवात अर्नब के कारण विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की है।

एयरलाइन ने कहा है कि खराब मौसम के कारण विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा से आने-जाने वाली उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ानों से जुड़ी ताजा जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।

28 से 31 अक्टूबर के बीच उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की आशंका

चक्रवात अर्नब के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार सतर्क हो गई

है।

मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों और किसानों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की गई है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है।

इसके अलावा, 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान

चक्रवात के प्रभाव से 27 और 28 अक्टूबर को ओडिशा के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में भी अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

इसके अलावा, 28 अक्टूबर को तेलंगाना तथा 29 और 30 अक्टूबर को बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए संबंधित राज्यों में प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

रेलवे ने 53 ट्रेनें कीं रद्द

चक्रवात के खतरे को देखते हुए रेलवे ने 27 और 28 अक्टूबर को चलने वाली 53 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इससे विजयवाड़ा, राजमुंदरी, मछलीपट्टनम, नरसापुर, भीमावरम, काकीनाडा पोर्ट, गुंटूर और विशाखापत्तनम से चलने वाली या इन स्टेशनों से होकर गुजरने वाली कई रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त कर लें।

क्या है चक्रवात अर्नब का मतलब?

बंगाल की खाड़ी में उठे इस चक्रवात का नाम अर्नब बताया गया है। यह नाम बांग्लादेश ने दिया है। बंगाली भाषा में ‘अर्नब’ का अर्थ समुद्र या महासागर होता है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

चक्रवात और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित रहने के लिए पक्की इमारतों में शरण लें और पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। गैरजरूरी यात्रा से बचें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की भी सलाह दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मौसम से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें