रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में आयोजित कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई हिंदू संगठनों, कृष्ण भक्तों और यादव समाज के लोगों ने नाराजगी जताई है। धीरेंद्र शास्त्री पर भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा का मजाक उड़ाने के आरोप लग रहे हैं। इस बयान के बाद दामोदर यादव और मिर्ची बाबा जैसे लोगों ने भी विरोध जताते हुए सनातनियों और यादव समाज से धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं और कार्यक्रमों के बहिष्कार की अपील की है। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी इस टिप्पणी को लेकर हलचल तेज हो गई है।
‘तुम्हारे वाले तीन जगह से टेढ़े हैं’ – धीरेंद्र शास्त्री

करेरा में कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उनके भक्तों के ठाकुर जी की तस्वीरों में भगवान तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े दिखाई देते हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण एक पैर के ऊपर दूसरा पैर रखकर, कमर लचकाकर और गर्दन टेढ़ी करके बांसुरी बजाते हैं। इसके बाद उन्होंने भगवान राम के स्वरूप से तुलना करते हुए कहा कि उनके आराध्य सीधे खड़े होते हैं, उनका नाम भी सीधा है और उनका चलना भी सीधा है। धीरेंद्र शास्त्री की इसी टिप्पणी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आलोचकों का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण की विशिष्ट मुद्रा और उनके स्वरूप को इस तरह प्रस्तुत करना करोड़ों भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है।
सपा और यादव समाज से जोड़कर देखा जा रहा बयान
धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में भी बयानबाजी तेज हो गई है। यादव समाज के कई लोगों और संगठनों ने इस पर नाराजगी जताई है। भगवान श्रीकृष्ण को यादव समाज अपना आराध्य और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने अयोध्या और वृंदावन का भी जिक्र किया था। ऐसे में उनके बयान को उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी और यादव समाज की राजनीतिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस टिप्पणी के पीछे किसी राजनीतिक रणनीति की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
हिंदू संगठनों ने की धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं के बहिष्कार की अपील
भगवान श्रीकृष्ण और ब्रज धाम को लेकर की गई टिप्पणी के बाद कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरोध में आवाज उठाई है। कुछ संगठनों और कृष्ण भक्तों ने उनकी कथाओं और कार्यक्रमों के बहिष्कार की अपील की है। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि सनातन धर्म में भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण दोनों का समान रूप से सम्मान है। एक भगवान की महिमा बताने के लिए दूसरे के स्वरूप पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। मिर्ची बाबा ने भी धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी की निंदा करते हुए लोगों से उनकी कथाओं से दूरी बनाने की अपील की है।
‘फ्रस्ट्रेशन में उल्टे बयान दे रहे हैं शास्त्री’ – दामोदर यादव

आजाद समाज पार्टी से जुड़े दामोदर यादव ने भी धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता यात्रा और कथाओं को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी यात्रा और कथाएं सफल नहीं हो रही हैं, जिसके चलते वह फ्रस्ट्रेशन में इस तरह के बयान दे रहे हैं। दामोदर यादव ने कहा कि अगर धीरेंद्र शास्त्री को मीडिया में चर्चा में रहने का शौक है तो उन्हें कुछ ढंग के काम करने चाहिए। उन्होंने विरोध जताते हुए चेतावनी भरे अंदाज में धीरेंद्र शास्त्री को अपना रवैया सुधारने की बात भी कही।
असमंजस में दिख रही BJP, यादव वोट बैंक पर पड़ सकता है असर?
भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी अब धार्मिक विवाद के साथ-साथ राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गई है। भाजपा लंबे समय से हिंदुत्व और सनातन से जुड़े मुद्दों को अपनी राजनीति के केंद्र में रखती आई है। धीरेंद्र शास्त्री भी अपने बयानों और धार्मिक आयोजनों के चलते हिंदुत्व से जुड़े विमर्श में प्रमुख चेहरा रहे हैं। ऐसे में उनके बयान से यादव समाज और ब्रज क्षेत्र के लोगों में नाराजगी भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकती है। उत्तर प्रदेश में यादव समाज का एक बड़ा राजनीतिक आधार समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ा रहा है। ऐसे में इस विवाद का असर राजनीतिक विमर्श और सामाजिक समीकरणों पर कितना पड़ता है, यह आने वाले समय में साफ होगा। फिलहाल सवाल यही है कि भगवान राम की महिमा बताने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर टिप्पणी करना कितना उचित है और क्या धार्मिक मंचों से ऐसी तुलना समाज को जोड़ने के बजाय बांटने का काम नहीं कर रही?





