लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

राहुल गांधी का PM मोदी पर बड़ा आरोप: ‘मेरा फोन टैप करवाते हैं प्रधानमंत्री, सारे सबूत मोबाइल में’, फिर दी बहस की चुनौती

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग और जासूसी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री उनका फोन टैप करवाते हैं और उनके पास इससे जुड़े सभी सबूत मौजूद हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को एक बार फिर आमने-सामने बैठकर बहस करने की चुनौती भी दी।

इंस्टाग्राम के ‘आस्क मी’ सेशन में किया दावा

यह मामला तब सामने आया, जब राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ‘आस्क मी’ इंटरैक्टिव सेशन का वीडियो साझा किया। इस दौरान एक यूजर ने उनसे सवाल किया कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि उन्हें विदेशी मदद मिल रही है, जबकि राहुल गांधी आरोप लगाते हैं कि प्रधानमंत्री को विदेश से नियंत्रित किया जा रहा है। ऐसे में इन आरोपों के सबूत कहां हैं?

इसके जवाब में राहुल गांधी ने अपना मोबाइल फोन कैमरे के सामने दिखाते हुए कहा, ”सबूत इस फोन में हैं। प्रधानमंत्री को भी इस बारे में सब पता है, क्योंकि वे मेरा फोन टैप करवाते हैं।” हालांकि, इस वीडियो में उन्होंने फोन टैपिंग के दावे के समर्थन में कोई तकनीकी प्रमाण या दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया।

पीएम मोदी को दी आमने-सामने बहस की चुनौती

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने बैठकर बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वह किसी भी मंच पर प्रधानमंत्री से सीधा संवाद करने के लिए तैयार हैं। राहुल का दावा है कि अगर प्रधानमंत्री उनके साथ बैठकर बातचीत करते हैं, तो पूरे देश के सामने यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के दबाव में काम कर रहा है और कौन देश के हितों के खिलाफ है।

कृषि कानून, वोट चोरी और चीन समेत कई मुद्दों का किया जिक्र

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें कृषि कानूनों, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, जनरल एमएम नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे मुद्दों पर संसद में अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वह लंबी-लंबी भाषणबाजी नहीं चाहते, बल्कि प्रधानमंत्री के साथ सीधी और खुली बातचीत करना चाहते हैं, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे के सवालों का जवाब दे सकें।

केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

राहुल गांधी के आरोपों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने राजनीतिक जीवन की सबसे निचले स्तर की घटिया राजनीति कर रहे हैं। उनका यह स्तर नहीं है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री उनसे बहस करें। मौर्य ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की पुरानी फितरत आरोप लगाकर भागने की रही है और फोन टैपिंग का दावा भी उनकी हल्ला बोल राजनीति का हिस्सा है।

बीजेपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी राहुल गांधी के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि विपक्ष के नेता बिना किसी ठोस आधार के सनसनी फैलाने और मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। पार्टी की ओर से कहा गया कि यदि राहुल गांधी के पास फोन टैपिंग से जुड़े सबूत हैं, तो उन्हें जांच एजेंसियों या अदालत के सामने पेश करना चाहिए।

पहले भी उठा चुके हैं फोन टैपिंग और जासूसी का मुद्दा

गौरतलब है कि राहुल गांधी पहले भी सरकार पर फोन टैपिंग और जासूसी के आरोप लगा चुके हैं। वर्ष 2021 और 2023 में पेगासस जासूसी विवाद के दौरान भी उन्होंने दावा किया था कि उनके और अन्य विपक्षी नेताओं के फोन की निगरानी की जा रही है। अब एक बार फिर उनके ताजा बयान ने फोन टैपिंग और राजनीतिक जासूसी को लेकर सियासी बहस तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें