लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

बिहार के समस्तीपुर में आसमान से गिरा संदिग्ध उपकरण,जासूसी की आशंका के बीच पुलिस ने शुरू की जांच

बिहार के समस्तीपुर के विभूतिपुर स्थित बेलसंडी डीह गांव में आसमान से रहस्यमयी डिवाइस गिरने से हड़कंप मच गया। डिवाइस पर मेड इन कोरिया लिखा है। पुलिस जांच में जुटी है।

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर इलाके में एक रहस्यमयी डिवाइस मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बेलसंडी डीह गांव में रात के वक्त आसमान से गिरे इस उपकरण पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा हुआ था। डिवाइस में एलईडी बल्ब जल रहा था और इसके साथ पैराशूट जैसी डोर भी जुड़ी हुई थी, जिसकी लंबाई करीब 200 से 350 मीटर बताई जा रही है।

अचानक आसमान से इस तरह का उपकरण गिरने से ग्रामीण हैरान रह गए। डिवाइस पर विदेशी नाम लिखा होने और इसकी बनावट को देखते हुए कुछ लोगों ने इसके जासूसी उपकरण होने की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में इसके मौसम विभाग से संबंधित उपकरण होने के संकेत मिले हैं। फिलहाल, डिवाइस की वास्तविक पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आधी रात आसमान से गिरा डिवाइस, ग्रामीणों में बढ़ी उत्सुकता

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के वक्त लोग अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान आसमान से एक रहस्यमयी डिवाइस नीचे आ गिरा। जब लोगों ने पास जाकर उसे देखा, तो उसमें एलईडी बल्ब जलता हुआ नजर आया। उपकरण पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा होने के साथ उससे पैराशूट जैसी डोर भी जुड़ी हुई थी।

डिवाइस की असामान्य बनावट और उस पर लिखे विदेशी नाम को देखकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसके जरिए इलाके की निगरानी किए जाने की आशंका जताई। हालांकि, इसके इस्तेमाल और उद्देश्य को लेकर अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने डिवाइस कब्जे में लेकर शुरू की जांच

रहस्यमयी उपकरण मिलने की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस डिवाइस को अपने साथ जांच के लिए ले गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में उपकरण पर मौसम विभाग से संबंधित जानकारी मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यह वायुमंडलीय परिस्थितियों की जांच करने वाले किसी उपकरण का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, डिवाइस की वास्तविक प्रकृति, इसके स्रोत और इसके इस्तेमाल के उद्देश्य की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें