लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को पुलिस की मंजूरी नहीं, सुरक्षा कारणों से 30 अक्टूबर का शो अटका

दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट पर रोक, सुरक्षा कारणों से पुलिस ने नहीं दी मंजूरी

30 अक्टूबर को JLN स्टेडियम में होना था Aura World Tour का कार्यक्रम, विपक्ष ने उठाए सवाल तो बीजेपी ने किया पुलिस के फैसले का बचाव

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

दिल्ली। मशहूर पंजाबी गायक और फिल्म अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में 30 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों और त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़ी अतिरिक्त जिम्मेदारियों को देखते हुए इतने बड़े आयोजन के लिए सुरक्षा मंजूरी देना फिलहाल संभव नहीं है।

दिलजीत दोसांझ का यह कार्यक्रम उनके Aura World Tour का हिस्सा था। ऐसे में अपने पसंदीदा गायक को लाइव परफॉर्म करते देखने का इंतजार कर रहे प्रशंसकों को झटका लगा है। वहीं, पुलिस के फैसले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।

Book myshow को DCP कार्यालय ने भेजा पत्र, सुरक्षा इनपुट का दिया हवाला

दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय की ओर से टिकटिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो को पत्र भेजा गया है। पत्र में मौजूदा परिस्थितियों का हवाला देते हुए कार्यक्रम को पुलिस की मंजूरी देने में असमर्थता जताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा से जुड़े कुछ विशेष इनपुट भी सामने आए हैं। इसके अलावा, त्योहारी सीजन के दौरान दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की बड़ी संख्या में ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने वाले कार्यक्रम के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण है।

AAP ने लगाया पंजाब की प्रगतिशील आवाजों से भेदभाव का आरोप

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को मंजूरी नहीं मिलने पर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए हैं। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि केंद्र सरकार की दिल्ली पुलिस दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति क्यों नहीं दे रही है? क्या यह पंजाब की प्रगतिशील आवाजों के खिलाफ गहरा भेदभाव है?

उन्होंने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के युवा दिलजीत दोसांझ को पसंद करते हैं और पंजाब में उन्हें बहुत प्यार मिलता है।

वहीं, AAP विधायक जरनैल सिंह ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है। दुनिया भर में दिलजीत के प्रशंसक हैं, लेकिन वह अपने ही देश की राजधानी में परफॉर्म नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि पंजाबी बीजेपी को माफ नहीं करेंगे।

अभिजीत दीपके ने भी उठाया सवाल, पूछा- क्या कॉन्सर्ट भी डरावने होते हैं?

 

दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट को लेकर CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या कॉन्सर्ट भी डरावने होते हैं?” उन्होंने दिल्ली पुलिस के कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार करने पर सवाल खड़े किए।

बीजेपी ने किया पुलिस के फैसले का बचाव, 10 दिन आगे बढ़ाने का दिया सुझाव 

दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं मिलने पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने पुलिस के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि पंजाब की प्रगति से ज्यादा जरूरी सुरक्षा है। अगर किसी कार्यक्रम में दिलजीत दोसांझ की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती, तो उसे आयोजित करने का क्या मतलब है?

आरपी सिंह के मुताबिक, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में विपक्षी दलों का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समेत अन्य दल शामिल होंगे। ऐसे में पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती और संसाधन उस कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहेंगे।

उन्होंने कहा कि इसी वजह से पुलिस ने दिलजीत दोसांझ से अपने शो को 10 दिन आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है, ताकि पर्याप्त पुलिस बल और संसाधन उपलब्ध होने पर कार्यक्रम आयोजित किया जा सके। बीजेपी ने इस पूरे मामले को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा फैसला बताते हुए विपक्ष के भेदभाव के आरोपों को खारिज करने की कोशिश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें