हिमाचल प्रदेश: लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात से जनजीवन प्रभावित, शिंकुला, बारालाचा ला और कुंजुम पास पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई; कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट।
रिपोर्ट: संतेश्वर वर्मा
हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति स्थित सिस्सू में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। अटल टनल और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात जारी है। वहीं, कांगड़ा के बैजनाथ में भारी बारिश से ठंड बढ़ गई है। खराब मौसम के चलते लेह-मनाली नेशनल हाईवे समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात रोक दिया गया है।
सिस्सू में बर्फबारी, पर्यटक उठा रहे लुत्फ
लाहौल घाटी के सिस्सू, कोकसर और जिस्पा में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है। ठंड बढ़ने के बावजूद पर्यटक और स्थानीय लोग बर्फबारी का आनंद लेते नजर आए।
लेह-मनाली हाईवे समेत कई सड़कें बंद
जिला आपदा प्रबंधन के अनुसार, लेह-मनाली नेशनल हाईवे पर दारचा से आगे यातायात बंद कर दिया गया है। दारचा-शिंकुला मार्ग और मनाली-काजा सड़क पर भी आवाजाही रोक दी गई है। हालांकि, उदयपुर जाने वाला मार्ग खुला बताया गया है। शिंकुला टॉप, बारालाचा ला और कुंजुम टॉप पर भी एहतियातन वाहनों की आवाजाही रोकी गई है। बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ने से दुर्घटनाओं का खतरा है।
मौसम विभाग का अलर्ट, 17 अक्टूबर तक खराब रह सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और तूफान की आशंका जताई है। सिरमौर, हमीरपुर, मंडी, शिमला, कुल्लू और कांगड़ा समेत कई इलाकों में खराब मौसम की संभावना है। वहीं, चंबा, लाहौल-स्पीति और सोलन के कुछ क्षेत्रों के लिए हल्की बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम खराब रह सकता है। 18 से 20 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में मौसम साफ होने की संभावना है।
कुकुमसेरी में पारा 0.3 डिग्री तक पहुंचा
लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
चंबा की चोटियों पर तीन इंच बर्फ, दिखे दो स्नो लेपर्ड
चंबा जिले के पांगी और भरमौर की ऊंची चोटियों पर करीब तीन इंच बर्फ जमने की सूचना है। इस दौरान क्षेत्र में दो स्नो लेपर्ड भी नजर आए। ताजा हिमपात के बाद पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ गई है, हालांकि ठंड में भी इजाफा हुआ है।
पुलिस की पर्यटकों को सलाह
लाहौल-स्पीति पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खराब मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी मार्ग पर निकलने से पहले मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही, यातायात संबंधी निर्देशों और पुलिस की एडवाइजरी का पालन करने को कहा है।





