भारत-वेस्टइंडीज टी20 पर मंडरा रहा बारिश का खतरा, मौसम बन सकता है विलेन
रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
बेंगलुरु। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार रात बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। फिलहाल पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। वहीं, मौसम विभाग ने मैच के दौरान तेज बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों के बीच मायूसी का माहौल है।
टीम इंडिया हर हाल में जीतना चाहेगी मुकाबला
फरवरी 2019 के बाद से अब तक भारत अपने घर में कोई घरेलू सीरीज नहीं हारा है। ऐसे में टीम इंडिया पूरे जोश के साथ इस निर्णायक मुकाबले को जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम भी निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेगी। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। अगर मौसम ने साथ दिया, तो पिछले चार टी20 मैचों की तरह इस मुकाबले में भी छक्कों और चौकों की बरसात देखने को मिल सकती है।
पिछले दो टी20 मैचों में भारतीय गेंदबाजी की खुली पोल
हैदराबाद और रांची में खेले गए मुकाबलों में भारतीय गेंदबाजी की कमजोरियां उजागर हुईं। रांची में वेस्टइंडीज ने भारत को हराकर बड़ा झटका दिया और मैच छह विकेट से अपने नाम कर लिया। वहीं, हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 24 रन से जीत दर्ज की। इस मैच के दौरान भी भारतीय गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए।
सीरीज के दौरान खली जसप्रीत बुमराह की कमी
पूरी सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाजों के खिलाफ वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया है। इसके बाद जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी क्रिकेट प्रशंसकों को खलने लगी है। कई प्रशंसकों ने टीम चयन पर सवाल उठाते हुए बुमराह को टीम में शामिल नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कई मौकों पर तेज गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए, जिससे स्पिन गेंदबाजों पर दबाव बढ़ गया। हालांकि, स्पिन गेंदबाज भी कई मौकों पर इस नुकसान की भरपाई करने में सफल नहीं रहे।
अंतिम मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार को मिल सकता है मौका
दरअसल, हैदराबाद में खेले गए मुकाबले के दौरान शमर जोसेफ की बाउंसर गेंद अर्शदीप सिंह के गेंदबाजी वाले कंधे पर लगी थी। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में उनके खेलने को लेकर संशय बना हुआ है। ऐसे में भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया जा सकता है। 36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने का अनुभव है।





